Jharkhand Politics: झारखंड में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा बिहार की महिला डॉक्टर नुसरत को 3 लाख रुपये वेतन सहित अन्य सुविधाओं का ऑफर दिए जाने का मामला अब सियासी विवाद का रूप ले चुका है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने कड़ा विरोध जताया है, और सीधे तौर पर स्वास्थ्य मंत्री से सवाल किए हैं।

भानु प्रताप शाही ने कहा कि आखिर किस नियोजन नीति के तहत बिहार की महिला डॉक्टर को झारखंड में नौकरी देने का वादा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पहले से ही योग्य और बेरोजगार डॉक्टर मौजूद हैं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को लुभावने ऑफर देना राज्य के युवाओं के साथ अन्याय है।
भाजपा नेता ने स्वास्थ्य मंत्री पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि वे सिर्फ धर्म के आधार पर फैसले ले रहे हैं और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। उन्होंने तीखी भाषा में स्वास्थ्य मंत्री को “हद में रहने” की नसीहत भी दी।
शाही ने यह भी चेतावनी दी कि यदि इसी तरह की राजनीति जारी रही, तो झारखंड की जनता इसका जवाब देना जानती है। इस पूरे विवाद के बाद राज्य की सियासत में गर्माहट बढ़ गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी होने की संभावना जताई जा रही है।





