Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को यह जानकारी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान मिली, जब एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मुख्यमंत्री को धमकी दी गई थी।

पटना पुलिस ने धमकी देने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट की पहचान के लिए प्लेटफॉर्म की पेरेंट कंपनी ‘मेटा’ को पत्र लिखा है और संबंधित आईडी की पूरी जानकारी मांगी है। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि धमकी भारत से दी गई है या किसी अन्य देश से। साइबर सेल पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटी हुई है।
इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार का यह दिल्ली दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि बिहार में हाल के दिनों में भाजपा संगठन में बड़े बदलाव हुए हैं। साथ ही राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और आगामी राज्यसभा व विधान परिषद चुनावों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। धमकी के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Also Read: बिहार की डॉक्टर को झारखंड में नौकरी का ऑफर बना सियासी मुद्दा





