धनबाद नगर निकाय चुनाव में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया। सिंह मेंशन के संजीव सिंह ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। संजीव सिंह झरिया के पूर्व विधायक रह चुके हैं, जबकि वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया से भाजपा विधायक हैं।

सबसे अहम बात यह है कि भाजपा ने पार्टी की ओर से संजीव अग्रवाल को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में रागिनी सिंह के सामने यह दुविधा बनी हुई है कि वे पार्टी के उम्मीदवार का साथ देंगी या अपने पति का। हालांकि, नामांकन के दौरान रागिनी सिंह अपने पति के साथ नजर नहीं आईं, जिससे राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
नामांकन की अंतिम तारीख पर बढ़ी हलचल
भाजपा की ओर से घोषित उम्मीदवार संजीव अग्रवाल ने फिलहाल अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। वहीं, नामांकन की अंतिम तारीख पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। महापौर पद और 55 वार्ड पार्षदों के लिए हो रहे इन चुनावों में राजनीतिक दलों और स्वतंत्र उम्मीदवारों के बीच मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, महापौर पद के लिए कुल लगभग 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं, जिनमें कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और अन्य दलों के नेता शामिल हैं।
इसके अलावा मंगलवार को चार प्रमुख दावेदार परवेज खान, रुस्तम अंसारी, पुष्पा कुमारी और अमित अग्रवाल ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है। चुनावी हलचल के बीच यह माना जा रहा है कि भाजपा की ओर से संजीव अग्रवाल भी जल्द पर्चा भर सकते हैं।
वार्ड पार्षद पदों पर भी कड़ा मुकाबला
नगर निगम के 55 वार्ड पार्षद पदों के लिए भी चुनावी गतिविधियां जोर पकड़ चुकी हैं। मंगलवार तक कुल 252 प्रत्याशियों ने पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनमें 136 महिलाएं शामिल हैं। इससे साफ है कि इस बार पार्षद पद के लिए भी मुकाबला काफी रोचक रहने वाला है।
क्यों अहम है धनबाद का मेयर पद?
धनबाद नगर निगम में मेयर का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मेयर शहर के नागरिक प्रशासन और विकास कार्यों का प्रमुख चेहरा होता है। शहर की बुनियादी सुविधाओं — जैसे जल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी नीतियों और योजनाओं को लागू करने में मेयर की अहम भूमिका होती है।
इसके अलावा स्थानीय बजट, विकास परियोजनाओं और प्रशासन, नागरिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी मेयर पर होती है। इसी कारण यह पद राजनीतिक दृष्टि से काफी प्रभावशाली माना जाता है।
मतदान और मतगणना की तारीख तय
झारखंड के 48 शहरी निकायों के साथ धनबाद नगर निगम चुनाव में 23 फरवरी 2026 को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी 2026 को की जाएगी। चुनाव नजदीक आते ही सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
इस खबर को विस्तार से देखने के लिए क्लिक करें- Dhanbad निकाय चुनाव में सियासी सरगर्मी बढ़ी, मेयर पद के लिए नामांकन करने पहुंचे पूर्व MLA संजीव सिंह





