शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत फिल्म ‘ओ रोमियो’ ने बॉक्स ऑफिस पर 12 दिनों का सफर पूरा कर लिया है। दूसरे सप्ताह में कमाई की रफ्तार धीमी रही लेकिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 57.93 करोड़ रुपये का कारोबार किया और दुनियाभर में कुल 90.85 करोड़ का वैश्विक कलेक्शन पार कर लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 12वें दिन फिल्म ने लगभग 53 लाख रुपये की कमाई की। पहले सप्ताह में शानदार शुरुआत के बाद पहले दिन 8.5 करोड़ और दूसरे दिन 12 करोड़ के कलेक्शन के साथ दूसरे सप्ताह में दर्शकों की संख्या में गिरावट देखने को मिली। फिल्म जानकारों का कहना है कि फिल्म का प्रदर्शन स्थिर है। लेकिन नई रिलीज़ फिल्मों से प्रतिस्पर्धा बढ़ने के कारण रफ्तार धीमी हो गई है।
फिल्म को लेकर समीक्षाओं में भी मिश्रित प्रतिक्रिया रही। इसके निर्देशक विशाल भारद्वाज ने आलोचकों के मतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कुछ समीक्षकों को मेरी रीइनवेंशन से दिक्कत है। लेकिन मुझे अपनी फिल्म पर गर्व है और मैंने जो बनाया उस पर मुझे कोई शर्म नहीं। उन्होंने बताया कि फिल्म उनके नए प्रयोगों और रचनात्मक सोच का परिणाम है।
‘ओ रोमियो’ में मुख्य भूमिकाओं में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी हैं, जबकि नाना पाटेकर, फरिदा जलाल, दिशा पटानी, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस आंकड़े दर्शाते हैं कि शुरुआती मजबूत शुरुआत और स्टार पावर के कारण फिल्म ने गिरते कलेक्शन के बावजूद वैश्विक स्तर पर 90 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। और ऐसा लग रहा है कि ये फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपए की क्लब में शामिल हो जाएगी।‘ओ रोमियो’ 2026 की शुरुआती ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शुमार तो हो ही चुकी है।





