रामनवमी के अवसर पर धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में निकाले जा रहे अखाड़ा जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक हुई पत्थरबाजी से भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

इस घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मौके पर डीएसपी, सिटी एसपी सहित कई वरीय अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। इलाके में फिलहाल सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। प्रशासन ने कहा है कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
हजारीबाग जिले के पेलावल थाना क्षेत्र अंतर्गत गदोखर गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्थानीय मुखिया नारायण साव के भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया और हमलावरों ने भुजाली से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। पोस्टमार्टम में देरी को लेकर सदर विधायक ने कुछ समय के लिए मुख्य सड़क जाम कर धरना भी दिया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Also Read- आज से शुरु हो रहा है इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 का महामुकाबला





