देवघर पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना क्षेत्र के बर्मसिया स्थित गांधी नगर में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर और 1 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य सहयोगियों की भी पहचान की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी महथा नामक युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बिचकोड़िया स्थित उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 1 लाख 45 हजार रुपये नकद भी मौके से जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी महथा, निवासी गांधी नगर बरमसिया के रूप में हुई है।

नशे के कारोबार में पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट,आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से कई केस दर्ज हैं। इस अवैध कारोबार में राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी और विशाल महथा उर्फ छोटू के सहयोग की भी बात सामने आई है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार, अनुसंधानकर्ता राजेंद्र प्रसाद, एसआई चंद्रशेखर रजक, एसआई सूरज कुमार, एसआई सुमंत प्रसाद समेत तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और ऐसे कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





