जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा स्थित सुनसान झाड़ियों में छिपकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभु कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरूवाडीह निवासी महेन्द्र कुमार मंडल, टिंकू कुमार मंडल और विकास कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक क्रेडिट कार्ड बंद होने या एक्टिवेशन के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद फर्जी कस्टमर केयर नंबर और APK फाइल के जरिए मोबाइल और बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जामताड़ा में औसतन हर साल लगभग 1000 से 1200 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए जाते हैं। हालांकि वास्तविक साइबर फ्रॉड का दायरा इससे कहीं अधिक बड़ा है क्योंकि जामताड़ा से संचालित होने वाले गिरोह अक्सर देश भर के लोगों को अपना शिकार बनाते हैं
इसे भी पढ़ें- पूर्वी सिंहभूम से करीब डेढ़ टन आमों की पहली खेप लंदन के लिए रवाना





