गोड्डा के बहुचर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 8 जुलाई को कारगिल चौक स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की जांच के दौरान पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कथित मुख्य षड्यंत्रकारी चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह भी शामिल है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटे गए सोने और चांदी के जेवरों को बरामद किया है।
इस वारदात के बाद गोड्डा पुलिस ने मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया था। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इससे पहले भी इस मामले में गिरफ्तारियां हो चुकी थीं और पुलिस लगातार झारखंड के साथ-साथ बिहार तथा अन्य राज्यों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने लूटे गए सोने को गलाकर छिपाए जाने की बात भी सामने लाई थी।
इसी क्रम में गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को सूचना मिली कि मामले से जुड़े कुछ अपराधी दुमका जिले के बासुकीनाथ इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश कुमार भरद्वाज के नेतृत्व में SIT ने 13 अगस्त को बासुकीनाथ में छापेमारी की। इस कार्रवाई में चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह को पकड़ा गया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार पुरन साह ने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के अलावा जामताड़ा, बिहार के बौंसी, दुमका के नौनीहाट और तालझारी में हुई अन्य ज्वेलरी दुकानों की लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इससे पुलिस को इस गिरोह के अंतरजिला और अंतरराज्यीय नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर अलग-अलग जगहों से लूटे गए जेवरों को गोड्डा की विभिन्न दुकानों में कम कीमत पर बेचा गया। वहीं, बंगाल ज्वेलर्स से लूटे गए जेवरों को बौंसी निवासी कारू साह के माध्यम से बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स में खपाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उन ज्वेलर्स संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जिन पर लूटे गए जेवरों को अवैध रूप से खरीदने और बेचने का आरोप है।
बरामदगी की बात करें तो पुलिस के अनुसार बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स से 28 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया, जिसे बंगाल ज्वेलर्स से लूटा हुआ बताया गया है। इसी दुकान से करीब 3.05 किलोग्राम गलाया हुआ चांदी भी बरामद हुई, जिसे नौनीहाट और बौंसी की लूट व चोरी से संबंधित बताया गया है।
इसके अलावा अमन सर्राफ के पास से 114 ग्राम गलाया हुआ चांदी, उत्तम कुमार के पास से 10 ग्राम कटा-छंटा सोना, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू के पास से 1.5 किलोग्राम चांदी और पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद चांदी और सोने का संबंध क्रमशः बौंसी, जामताड़ा और तालझारी की घटनाओं से है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह, कारू साह, शिवशंकर कुमार, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू, पवन कुमार, उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सर्राफ के रूप में हुई है। पुलिस अब सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 8 जुलाई की शाम कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पूरे गोड्डा में कारोबारी वर्ग में आक्रोश फैल गया था और व्यापारियों ने विरोध में बाजार बंद कर अपराधियों की गिरफ्तारी तथा लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की थी।
गोड्डा पुलिस का कहना है कि चोरी और लूट की घटनाओं के खिलाफ Zero Tolerance Policy के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस पड़ोसी जिलों और दूसरे राज्यों में हुई ज्वेलरी लूट की घटनाओं की जानकारी भी जुटा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है।
Also Read- खनिज बिल के विरोध में झामुमो करेगा बड़ा आंदोलन, CM बोले पूरा देश देखेगा





