जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब पांच से छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। लाल बिल्डिंग चौक के पास स्थित गोल्डन ज्वैलर्स में बुधवार देर रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ। दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने शटर का ताला टूटा देखा, जिसके बाद अंदर जाकर जांच की गई। इस दौरान सोने और चांदी के कई आभूषण गायब मिले। चोर दुकान में रखे बिल और जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें रात करीब तीन बजे एक चोर दुकान के अंदर घुसकर चोरी करता दिखाई दे रहा है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब पांच से छह लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन करने के साथ ही आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।
जमशेदपुर में चोरी और छिनतई की घटना में इस साल काफी इजाफा देखने को मिला है। । अभी कुछ दिन पहले ही मानगो, साकची, सिदगोड़ा, और परसुडीह में चोरी और स्नैचिंक की कई घटनाएं पुलिस थाने में दर्ज की गईं।
इसे भी पढ़ें- धनबाद:झारखंड मैदान में खूंटी पूजन के साथ शुरू हुई दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी





