केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026( MMDR Amendment Bill, 2026 )के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। विधेयक को झारखंड के अधिकार, अस्मिता, राजस्व और विकास के लिए गंभीर खतरा बताते हुए झामुमो राजनगर प्रखंड कमेटी ने 7 सितंबर 2026 को राजनगर प्रखंड मुख्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया है। MMDR Amendment Bill, 2026 को लेकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। MMDR Amendment Bill, 2026 को लेकर बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने राजनगर के सिदो-कान्हू चौक के समीप केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “केंद्र सरकार होश में आओ” और “काला कानून वापस लेना होगा” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने विधेयक को तत्काल वापस लेने की मांग की।
झामुमो के केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खान एवं खनिज कानून संशोधन विधेयक-2026 झारखंड के लिए किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इसे “झारखंड के लिए काला कानून” बताते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने इसे वापस नहीं लिया, तो झामुमो इसके खिलाफ जोरदार आंदोलन करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष करेगी।
वहीं झामुमो के राजनगर प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। प्रस्तावित संशोधन से यदि राज्य के खनिज अधिकारों और खनिज-युक्त भूमि से जुड़े राजस्व पर असर पड़ता है, तो इसका सीधा प्रभाव राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के राजस्व में कमी आने से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों पर दबाव बढ़ेगा।
झामुमो नेताओं ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और यहां के लोगों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी ने 7 सितंबर के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से शामिल होने की अपील की है।
झामुमो के इस ऐलान के बाद खान-खनिज संशोधन विधेयक को लेकर राजनगर में राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है। अब नजर 7 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन पर रहेगी, जहां पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज और बुलंद करने की तैयारी में है।
इसे भी पढ़े- SNMMCH में गायनी (Gynecology) विभाग की बड़ी लापरवाही, महिला की एचआईवी से सक्रंमित महिला को बताया नेगटिव





