जामताड़ा में साईबर YONO ऐप के नाम पर साईबर ठगी कि जा रही था। जामताड़ा पुलिस ने साइबर क्राइम और मोबाइल छीनने की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। YONO ऐप के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दोपहिया वाहन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। SDPO वसीम रज़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी दी। पहला मामला करमाटांड थाना क्षेत्र का है, जहां YONO ऐप के नाम पर साइबर धोखाधड़ी की जा रही थी। पुलिस ने सकलपुर से गोपालपुर जाने वाली सड़क के किनारे पलांस जंगल में छापेमारी की और चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूक अंसारी, शम्सुद्दीन अंसारी, जानी बाबू और कलीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी YONO ऐप एक्टिवेट करने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद, पीड़ितों की मोबाइल स्क्रीन को WhatsApp और स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स के ज़रिए शेयर करवाया जाता था। फिर, यूज़र ID और पासवर्ड हासिल करने और OTP मिलने के बाद नेट बैंकिंग के ज़रिए बैंक खातों से पैसे निकालने का आरोप है।
वहीं, दूसरा मामला 27 अगस्त को शांतिनगर की रहने वाली मोनिका कुमारी से मोबाइल छीनने से जुड़ा है। घटना की जांच के दौरान, पुलिस ने मिशन चौक के पास वाहनों की चेकिंग करते हुए पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह और दिनेश दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों देवघर जिले के चित्रा थाना क्षेत्र के पियरसोल के रहने वाले हैं।
पुलिस ने उनके पास से दो स्मार्टफोन और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (JH21M3828) बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने मोबाइल छीनने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जामताड़ा पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस साइबर अपराधों और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
इसे भी पढ़े- तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक, 8 दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण बोकारो पुलिस ने किया





