जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह स्थित क्रेशर के पीछे जोरिया के पास पलाश के झुंड में छापेमारी की, जहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांर गांव में तालाब के समीप आम बागान में कार्रवाई कर दो अन्य आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तस्लीम अंसारी, मुनाजिर अंसारी, अब्दुल लतीफ, उस्मान गनी और जितेंद्र मंडल के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज किया गया है।
₹999 कैशबैक का मैसेज भेजकर बनाते थे शिकार
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को फोन पर ₹999 कैशबैक मिलने का फर्जी मैसेज भेजते थे। इसके बाद मैसेज में दिए गए विकल्प को Accept करवाकर ठगी का प्रयास किया जाता था। इसके अलावा आरोपी SBI समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी किए जाने का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाते थे।
ठगी के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ितों से APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती थी। इसके जरिए मोबाइल से गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देने का आरोप है।

कई राज्यों तक फैला है नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का साइबर ठगी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस अब बरामद किए गए 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के दौरान आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कैशबैक, क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने जैसे किसी भी संदिग्ध फोन कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। अनजान APK फाइल डाउनलोड करने और किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग या गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।






