धनबाद के चर्चित वासेपुर इलाके में सोमवार को अंधाधुंध फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के भूली मोड़ स्थित दूध की दुकान के पास बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में एक युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान सानू खान, सद्दाम अंसारी और कुमकुम कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सद्दाम अंसारी भूली मोड़ पर दूध की दुकान चलाते हैं, जबकि सानू खान ऑटो स्टैंड के पास एजेंटी का काम करता है। वहीं कुमकुम कुमारी पहली बार धनबाद आई थीं और बाजार घूमने निकली थीं। इसी दौरान वह फायरिंग की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार हमलावरों ने पहुंचते ही ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सद्दाम अंसारी का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि सानू खान और कुमकुम कुमारी का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। फिलहाल तीनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सानू खान हमलावरों के निशाने पर था। सानू को गैंगस्टर फहीम खान का भाई बताया जा रहा है। पुलिस हालिया घटनाक्रम और आपसी रंजिश से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि गोलीबारी के वास्तविक कारण और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद वासेपुर और भूली मोड़ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क हो गई है।







