देवघर में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन के साथ-साथ सड़कों और ग्रामीण इलाकों के बुनियादी ढांचे पर भी दिखाई देने लगा है। देवघर प्रखंड में एयरपोर्ट के समीप जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस सड़क से करीब 20 से 25 गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
बताया जा रहा है कि सतार गांव समेत आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क के नीचे की मिट्टी तेज बारिश के पानी में बह गई है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने के बाद यहां कभी भी और अधिक भू-धंसाव होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल भी इसी मार्ग के आसपास से गुजरती है। लगातार बारिश के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है और कई स्थानों पर आवागमन मुश्किल हो गया है। इसके अलावा कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़क और मकानों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
वहीं, देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने भारी बारिश और तेज हवा से हुए नुकसान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित प्रखंडों में जल्द से जल्द राहत और मरम्मत कार्य शुरू कराने की बात कही है। प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त सड़कों और मकानों का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव और लगातार बारिश के कारण देवघर में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ कई जगह जलजमाव की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आसपास के 20 से 25 गांवों के लोगों का आवागमन सामान्य हो सके। साथ ही बारिश से जिन घरों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है, वहां भी प्रशासन तत्काल राहत और मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करे।





