दुमका में पहली बार राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कमारदुधा स्थित आर्चरी एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से 250 से अधिक जूनियर तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर जयपुर में होने वाले जूनियर नेशनल के लिए झारखंड टीम का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।दुमका के कमारदुधा स्थित आर्चरी एकेडमी में तीरों की टंकार और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पूरा परिसर गूंज उठा। मौका था झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्यभर से करीब 250 जूनियर तीरंदाज पहुंचे हैं।
खिलाड़ियों के साथ करीब 40 अधिकारी, कोच और तकनीकी विशेषज्ञ भी प्रतियोगिता में शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले कोच भी मौजूद हैं।प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड वर्ग में बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दो राउंड के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड की जूनियर टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी जयपुर में 22 से 26 अक्टूबर तक होने वाली जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जामा विधायक सह दुमका जिला तीरंदाजी संघ की अध्यक्ष लुईस मरांडी ने कहा कि दुमका जैसे क्षेत्र में पहली बार राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन होना महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तीरंदाजी को आदिवासी संस्कृति और जनजीवन से जुड़ा खेल बताते हुए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिलाने की बात कही।वहीं, प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि दुमका सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में तीर-धनुष का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से होता रहा है। आधुनिक तीरंदाजी के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिलने से इस क्षेत्र के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तीरंदाजी संघ के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता के जज हरिंद्र सिंह के मुताबिक इंडियन राउंड, कंपाउंड और रिकर्व में करीब ढाई सौ तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के आधार पर बालक और बालिका वर्ग में खिलाड़ियों का चयन कर 24 सदस्यीय झारखंड टीम तैयार की जाएगी। इसमें कंपाउंड, रिकर्व और इंडियन राउंड के बालक-बालिका वर्ग से आठ-आठ खिलाड़ी शामिल होंगे। दुमका में आयोजित यह प्रतियोगिता न सिर्फ युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दे रही है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का रास्ता भी तैयार कर रही है। खिलाड़ियों की निगाहें अब बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड टीम में जगह बनाने और जयपुर जूनियर नेशनल में राज्य का नाम रोशन करने पर टिकी हैं।
इसे भी पढ़े- बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरने के बाद 17 साल के एक लड़के की मौत, जितिया त्योहार के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना







1 thought on “दुमका में पहली बार आयोजन कर रहा है राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता, 250 से ज्यादा खिलाड़ी जुटे”