जमशेदपुर शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जहां ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और सत्यापन के लिए छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और पांच युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार सिंह, शिवम कुमार सिंह, सूरज कुमार तिवारी, अमरजीत कुमार सिंह और छोटा गोविंदपुर निवासी अजय यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 80 पुड़िया बरामद की हैं, जिनका वजन कागज सहित 15.76 ग्राम बताया गया है।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने कथित तौर पर बताया कि मंजित नामक व्यक्ति उन्हें ब्राउन शुगर उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस अब मंजित और इस कारोबार से जुड़े अन्य फरार लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।







