CISF ACTION: बेरमो अनुमंडल के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने ढोरी और बीएंडके क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कुल 8 रैट होल (छोटी अवैध खनन सुरंगों) को बंद करा दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
CISF ACTION: गुप्त सूचना पर हरकत में आया CISF और CCL प्रबंधन
जानकारी के अनुसार, CISF करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि ढोरी क्षेत्र की अंगवाली बंद खदान और बीएंडके क्षेत्र के कारो फेस-II में अवैध रूप से कोयले का उत्खनन किया जा रहा है।
बताया गया कि कारो फेस-II में पिलपिलो के सामने स्थित पहाड़ी पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध खनन की गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। सूचना मिलते ही CISF अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जानकारी CCL ढोरी के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह तथा बीएंडके के महाप्रबंधक संजय कुमार झा को दी।
इसके बाद दोनों क्षेत्रों के संबंधित महाप्रबंधकों के निर्देश पर CISF और CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने चिन्हित स्थलों पर पहुंचकर अवैध खनन के रास्तों को बंद कराने की कार्रवाई की।
अंगवाली और कारो फेस-II में बंद कराए गए 8 रैट होल
संयुक्त कार्रवाई के दौरान अंगवाली बंद खदान में अवैध खनन के लिए बनाए गए 3 रैट होल बंद कराए गए। वहीं, बीएंडके क्षेत्र के कारो फेस-II में पिलपिलो के सामने पहाड़ी पर संचालित 5 अवैध रैट होल को बंद कराया गया।
इस तरह दोनों क्षेत्रों में कुल 8 अवैध खनन सुरंगों को बंद कर अवैध कोयला उत्खनन पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई।
CISF ACTION: संयुक्त कार्रवाई में CISF और CCL के कई अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में CISF के सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी, के. वी. ए. श्रीधर, सुरेश सिंह, एएसओ पी. एन. सिंह, बीएंडके एरिया के एएसओ, क्यूआरटी टीम तथा CCL गार्ड के इंचार्ज शिल चंद और जटलू महतो सहित अन्य सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।
CISF और CCL की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार, कोयला क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
अवैध खनन से पर्यावरण और सरकारी राजस्व को नुकसान
CISF अधिकारियों ने कहा कि अवैध कोयला खनन से न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन भी होता है। इसके अलावा खदानों के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है।
अवैध उत्खनन के कारण CCL और सरकार को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोयला क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
CISF ने यह भी स्पष्ट किया कि खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। CISF और CCL प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय के साथ आगे भी अभियान चलाए जाते रहेंगे।
बेरमो क्षेत्र में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध कोयला खनन पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की गतिविधियों पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती हैं।
इसे भी पढ़ें- Bokaro Thermal: बोकारो थर्मल में जल्द लगेगा नया पावर प्लांट









