Bhushan Bara: झारखंड की राजधानी रांची में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सिमडेगा की रहने वाली 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा और दो महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर विधायक आवास लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराने के साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना की गई। मामले में पीड़िता ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Bhushan Bara: पढ़ाई का भरोसा देकर रांची लाने का आरोप
पीड़िता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, वह मई 2026 तक सिमडेगा के शिकारिपाटांड लालू टोली में रहती थी। इसी दौरान एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गईं। नाबालिग का आरोप है कि उसे पहले सिमडेगा और फिर रांची स्थित विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर रखा गया। वहां पढ़ाई की व्यवस्था करने के बजाय उससे घर के काम करवाए जाने लगे। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसे ईंट-बालू ढोने और निर्माण कार्य में भी लगाया गया।
मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप
नाबालिग ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि विधायक आवास पर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। उसे समय पर खाना नहीं दिया जाता था और छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज व मारपीट की जाती थी। पीड़िता के मुताबिक, दोनों महिलाएं उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थीं। उसने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था और उसकी बेबसी का फायदा उठाया जाता था।
5 अगस्त की घटना को लेकर विधायक पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने अपने आवेदन में 5 अगस्त 2026 की एक घटना का विशेष रूप से जिक्र किया है। उसके मुताबिक, उस दिन रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में पानी लेकर ऊपर जाने के दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गई। नाबालिग का आरोप है कि विरोध करने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि डर के कारण वह अगले दिन किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव सिमडेगा पहुंच गई।
Bhushan Bara: तबीयत बिगड़ने पर सामने आई घटना
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, विधायक आवास से लौटने के बाद भी वह काफी समय तक डर और मानसिक तनाव में रही। उसने बताया कि काम के बदले उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए थे। सितंबर में वह अपनी बहन के पास चली गई। अक्टूबर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और लगातार ब्लीडिंग की समस्या होने लगी। इसके बाद बहन के साथ डॉक्टर के पास पहुंचने पर उसने अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने पुलिस से कहा है कि उसके परिवार की स्थिति बेहद कमजोर है। पिता नहीं हैं और मां ने बचपन में ही उसे छोड़ दिया था। ऐसे में उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका है।
विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इस मामले में विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के कई लोग बच्चों की पढ़ाई, रहने और खाने-पीने की व्यवस्था के लिए उनके पास आते हैं। वहीं, उनकी पत्नी जोशिमा ने भी आरोपों को साजिश करार दिया है। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मामले को गंभीर बताते हुए पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है।
Bhushan Bara: पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
13 नवंबर 2026 को दिए गए आवेदन में नाबालिग ने पुलिस से पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसने शिकायत में नामजद दोनों महिलाओं की भूमिका की भी जांच करने की अपील की है। साथ ही अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
फिलहाल इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण है कि पुलिस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं। चूंकि मामला एक नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए आरोपों की निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। विधायक और अन्य संबंधित पक्षों का जवाब भी जांच के दौरान महत्वपूर्ण होगा।








