Mineral Rights: झारखंड की खनिज संपदा और उस पर राज्य के अधिकारों को लेकर विधानसभा में सियासी बहस तेज हो गई है। MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ सदन में पेश राजकीय संकल्प के समर्थन में बोलते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से केवल खनिज संसाधनों का दोहन किया जाए। केंद्र और राज्य के संबंध साझेदारी के हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित कर उसे कमजोर कर दिया जाए।
कल्पना सोरेन ने कहा कि MMDR संशोधन अधिनियम का मामला केवल खनिज राजस्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह झारखंड की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य, संवैधानिक अधिकारों और स्थानीय लोगों की भागीदारी से भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने सदन में सवाल उठाया कि आखिर झारखंड की जमीन से निकलने वाले खनिजों से होने वाली समृद्धि में यहां के लोगों की कितनी हिस्सेदारी सुनिश्चित हो पा रही है? जिन लोगों की जमीन, आजीविका और प्राकृतिक संसाधन खनन के कारण प्रभावित होते हैं, उन्हें अपने अधिकारों के लिए आखिर कब तक संघर्ष करना पड़ेगा?
Mineral Rights: 10 साल में 1.56 लाख करोड़ के नुकसान का दावा
विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान कल्पना सोरेन ने MMDR संशोधन अधिनियम के संभावित वित्तीय प्रभावों को लेकर महत्वपूर्ण आंकड़े पेश किए। उन्होंने दावा किया कि झारखंड को अगले 10 वर्षों में खनिज संपदा से करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था। लेकिन नए संशोधन अधिनियम के लागू होने के बाद यह राशि घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है।
उनके अनुसार, इस बदलाव से राज्य को संभावित रूप से 1.56 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। यह कुल अनुमानित खनिज राजस्व का लगभग 61 प्रतिशत है। कल्पना सोरेन ने कहा कि इतनी बड़ी राशि का नुकसान केवल सरकारी खजाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर राज्य के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और आम लोगों के जीवन पर पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने कुल खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। सरकार का उद्देश्य राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त आय का इस्तेमाल जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और विकास योजनाओं को गति देने में करना है। ऐसे में खनिज राजस्व के संभावित नुकसान से राज्य की आर्थिक योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा के मामले में देश के महत्वपूर्ण राज्यों में शामिल है। यहां से निकलने वाले कोयले, लौह अयस्क और अन्य खनिजों का इस्तेमाल देश के औद्योगिक विकास में होता है। इसके बावजूद खनन का सबसे बड़ा सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव उसी क्षेत्र के लोगों को झेलना पड़ता है, जहां से ये संसाधन निकाले जाते हैं।
जमीन झारखंड की, जंगल यहां के और विस्थापन का दर्द भी स्थानीय लोगों का
खनन के सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभावों का उल्लेख करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिजों का इस्तेमाल देश के किसी भी हिस्से में हो सकता है, लेकिन उनके उत्खनन की वास्तविक कीमत खनिज उत्पादक क्षेत्रों के लोगों को चुकानी पड़ती है। खनन के लिए जमीन का अधिग्रहण होता है, जंगल प्रभावित होते हैं और स्थानीय समुदायों को विस्थापन, प्रदूषण तथा बीमारियों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है। इन जमीनों से जुड़े लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का गंभीरता से मूल्यांकन किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी विचार होना चाहिए कि खनन से होने वाले आर्थिक लाभ का कितना हिस्सा उन स्थानीय समुदायों तक पहुंचता है, जो अपनी जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की कीमत चुकाते हैं।
कल्पना सोरेन ने सवाल उठाया कि यदि राज्य सरकार खनन से प्रभावित लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने, उनके पुनर्वास और सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए संसाधन जुटाना चाहती है, तो केंद्र सरकार को इससे क्या परेशानी होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि विकास का लाभ केवल खनिजों के इस्तेमाल करने वाले क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जिन इलाकों से ये संसाधन निकलते हैं, वहां के लोगों को भी उसका उचित लाभ मिलना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड आंदोलन के इतिहास और झामुमो की राजनीतिक विचारधारा का भी उल्लेख किया। कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड संघर्ष की धरती है और झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला है, बल्कि इसके निर्माण के पीछे हमारे पूर्वजों का लंबा संघर्ष और बलिदान रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन केवल अलग राज्य के गठन की लड़ाई नहीं थी, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ भी संघर्ष था, जिसमें यहां के लोगों को उनके संसाधनों और अधिकारों से वंचित रखा जाता था। इसलिए राज्य की खनिज संपदा पर यहां के लोगों के हितों और अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
Mineral Rights: केंद्र को घेरा, राज्यों के टैक्स और सेस लगाने के अधिकार का उठाया मुद्दा
कल्पना सोरेन ने MMDR संशोधन अधिनियम के प्रावधानों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस कानून के माध्यम से राज्यों के खनिज अधिकारों के साथ-साथ खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर टैक्स एवं उपकर लगाने की शक्तियों को भी सीमित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद राज्यों को खनिज अधिकारों पर कर लगाने से जुड़ी जो शक्तियां मिली थीं, नए संशोधन के जरिए उन्हें प्रभावित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, इतना महत्वपूर्ण कानून बनाने से पहले झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों से पर्याप्त परामर्श किया जाना चाहिए था। साथ ही इस बात का आकलन भी जरूरी था कि कानून लागू होने से राज्यों की वित्तीय स्थिति पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

गौरतलब है कि MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 में नई धारा 9D के तहत खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर राज्य सरकारों की ओर से टैक्स, सेस या अन्य उपकर लगाने पर केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के अनुसार ही अनुमति देने का प्रावधान किया गया है। इस कानून में पहले से लगाए गए ऐसे करों की बकाया और वसूली नहीं हुई राशि को अमान्य करने का प्रावधान भी शामिल है।
केंद्र सरकार का पक्ष है कि इस संशोधन से खनन क्षेत्र में एक समान कर व्यवस्था बनेगी, अनिश्चित करों का बोझ कम होगा और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, झारखंड सरकार और सत्ता पक्ष के नेताओं का तर्क है कि इससे खनिज उत्पादक राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता और राजस्व संग्रहण की क्षमता प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर झारखंड विधानसभा में जारी बहस ने केंद्र और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दे को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। कल्पना सोरेन के संबोधन ने इस बहस में खनिज राजस्व के साथ-साथ आदिवासियों, विस्थापितों, स्थानीय समुदायों और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों का सवाल भी प्रमुखता से उठाया है। अब देखना होगा कि सदन में पेश राजकीय संकल्प के बाद केंद्र सरकार इस मामले में क्या रुख अपनाती है।
इसे भी पढ़ें- Jharkhand Assembly: MMDR एक्ट पर झारखंड की सियासत में संग्राम!











1 thought on “Mineral Rights: कल्पना सोरेन की हुंकार- ‘झारखंड कोई उपनिवेश नहीं’, MMDR एक्ट पर केंद्र को घेरा”