Sobran Majhi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां गोला प्रखंड के बरलंगा पंचायत अंतर्गत नेमरा-लुकैयाटांड़ में उनके दादा एवं झारखंड के संघर्षशील व्यक्तित्व सोबरन मांझी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह और मेले में मुख्यमंत्री के साथ राज्य के कई मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए हैं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सोबरन मांझी की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनके संघर्ष, सामाजिक योगदान और बलिदान को याद करना है। समारोह के दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ उनकी विचारधारा और समाज के प्रति योगदान को भी याद किया जा रहा है।

Sobran Majhi: 1957 में अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए सोबरन मांझी ने दिया था बलिदान
Sobran Majhi झारखंड के सामाजिक और आदिवासी आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। वे एक शिक्षक थे और महाजनी शोषण, सूदखोरी तथा सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते थे। उन्होंने शिक्षा को समाज में जागरूकता लाने का माध्यम बनाया और आदिवासी-मूलवासी समुदाय के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि 27 नवंबर 1957 को रामगढ़ के लुकैयाटांड़ में महाजनों ने उनकी हत्या कर दी थी। उनके बलिदान ने क्षेत्र में शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष को नई प्रेरणा दी। सोबरन मांझी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिता और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दादा थे।
यही वजह है कि हर वर्ष 27 नवंबर को उनके बलिदान दिवस पर नेमरा-लुकैयाटांड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उन्हें नमन करते हैं।
बलिदान दिवस पर विकास मेला, सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह के साथ मेले और विकास शिविर का भी आयोजन किया गया है। विकास मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इससे स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी मिलने के साथ क्षेत्र में चल रही विकास गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, मंच और पंडाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी।
नेमरा-लुकैयाटांड़ में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड के सामाजिक संघर्ष, आदिवासी अस्मिता और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वाले सोबरन मांझी की स्मृतियों को जीवंत रखने का अवसर भी है। उनके बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
इसे भी पढ़ें- Ishan Kishan: बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन








