Illegal Opium Cultivation: झारखंड के लातेहार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, कारोबार और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अवैध अफीम की खेती से लेकर मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन तक पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।
इसी कड़ी में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित छापेमारी तथा कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, भंडारण और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
Illegal Opium Cultivation: बारियातू, हेरहंज और बालूमाथ में चलेगा विशेष अभियान
उपायुक्त संदीप कुमार ने बारियातू, हेरहंज और बालूमाथ के अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती की पहचान कर उसके विनष्टीकरण के लिए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी जरूरी है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध अफीम की खेती के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक परिणाममुखी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और अवैध मादक पदार्थों से जुड़े नेटवर्क पर नजर रखने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से काम करना होगा।
स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में नशे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक में युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों और महाविद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाए।
इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। प्रशासन का उद्देश्य शैक्षणिक परिसरों को नशे के कारोबार से पूरी तरह सुरक्षित रखना और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
उपायुक्त ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण केवल छापेमारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए लगातार निगरानी और विभागों के बीच समन्वय भी जरूरी है। पुलिस अधीक्षक ने भी सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से लागू करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अंचल अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
जिला प्रशासन की इस पहल से साफ है कि लातेहार में अवैध अफीम की खेती, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान को तेज करने की तैयारी है। अब संबंधित क्षेत्रों में होने वाली छापेमारी और निगरानी के आधार पर इस अभियान की प्रगति सामने आएगी।
इसे भी पढ़ें- ED Raid: चतरा में ED की बड़ी कार्रवाई








