Saran News: सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना जिले में लगातार दूसरे दिन हत्या की वारदात है, जिससे इलाके में दहशत और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।

मृतक की पहचान सोनू कुमार (उम्र 34 वर्ष) के रूप में की गई है, जो अमनौर हरनारायण के निवासी थे। वे अमनौर बाजार में “दिल्ली मोबाइल” नामक मोबाइल दुकान चलाते थे और तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिजनों के अनुसार, सोनू की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी।
Also Read: कैमूर सांसद सुधाकर सिंह ने मंच से नीतीश कुमार पर बोला हमला
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल सोनू को आनन-फानन में अमनौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पर सारण ग्रामीण एसपी संजय कुमार, मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान और अमनौर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तेजी से जांच में जुटी है।
व्यवसायी की हत्या से अमनौर बाजार के व्यापारी वर्ग में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





