Siwan: सिवान जिले के महाराजगंज अनुमंडल में भगवान परशुराम जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय अधिवक्ता श्री पी.पी. रंजन ने की। समारोह में अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय एवं केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री श्री सतीशचंद्र दुबे थे। साथ ही, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान विश्वसूत्रीय उपाध्यक्ष संजय पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नीतेश द्विवेदी, रूट केयर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. मंजेश पांडेय, गोपालगंज जिला परिषद अध्यक्ष मुकेश पांडेय, सिवान आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रभारी श्री प्रजापति त्रिपाठी एवं भाजपा नेता सत्यम दुबे सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे धर्म और न्याय के रक्षक थे। उन्होंने कहा, “भगवान परशुराम के एक हाथ में शास्त्र और दूसरे हाथ में शस्त्र था। वे समय और परिस्थिति के अनुसार आचरण करते थे। हमें भी अपने समाज में धर्म और न्याय की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।”
केंद्रीय मंत्री सतीशचंद्र दुबे ने कहा कि ब्राह्मण समाज समाज के मार्गदर्शक हैं और सभी को अपने ब्राह्मण होने पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि ब्राह्मण समाज के हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भी गर्व के साथ कहा कि ब्राह्मण समाज सदा से समाज का नेतृत्व करता आया है और आने वाले समय में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा।
अन्य अतिथियों ने भी अपने विचारों के माध्यम से भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में एकता व धर्म की रक्षा करने का आह्वान किया। मंच का कुशल संचालन श्री दिवाकर उपाध्याय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिससे समारोह एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्सव के रूप में परिवर्तित हो गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ब्राह्मण समाज और आयोजक मंडल का विशेष योगदान रहा।