Bihar News: खबर झारखंड के पलामू जिले से हैं जहां चोरी हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की कीमत वाली हथिनी ‘जयमती’ को बिहार के छपरा (सारण) जिले से बरामद कर लिया गया है। इस हथिनी का पता ट्रैकिंग चिप की मदद से चला, जिससे चोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार जांच में सामने आया है कि हथिनी को उसके वादी के ही तीन साझेदारों और एक महावत की मिलीभगत से चुराया गया था।

हथिनी को छपरा के पहाड़पुर गांव निवासी गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु को महज 27 लाख रुपये में बेच दिया गया था, जबकि इसकी अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वही सोमवार को झारखंड पुलिस को सूचना मिली थी कि लापता हथिनी बिहार के छपरा के पहाड़पुर में है। इसके बाद उन्होंने बिहार पुलिस की मदद से हथिनी को बरामद कर लिया।
पुलिस कार्रवाई
मेदिनीनगर के एसडीपीओ मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि सदर थाने में चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल हाथी को जब्त करने की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु को जिम्मेदारी सौंप दी गई है. पुलिस ने साफ किया है कि मामले की अभी जांच चल रही है और इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है.





