Gaya ji News – राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार देर शाम गयाजी के शेरघाटी थाना क्षेत्र से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खालिस्तान समर्थक एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एनआईए की चंडीगढ़ टीम द्वारा की गई, जिसे स्थानीय पुलिस का सहयोग मिला। पकड़े गए आतंकी की पहचान सरनजीत कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, सरनजीत लंबे समय से एनआईए की रडार पर था। वह पहचान छुपाकर ट्रक सेकंड ड्राइवर के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में सफर करता था और अक्सर लाइन होटलों में रुकता था। एजेंसी को आतंकी की गतिविधियों और उसके तीन संभावित ठिकानों की सटीक जानकारी मिली थी। इसके बाद एनआईए ने शेरघाटी पुलिस से लोकल सपोर्ट मांगा और एक सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया।
ऑपरेशन के तहत गोपालपुर के पास स्थित एक लाइन होटल के करीब से आतंकी को दबोचा गया। इस कार्रवाई की एएसपी शैलेन्द्र सिंह ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शेरघाटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने अपनी टीम के साथ एनआईए का सहयोग करते हुए इस अभियान को सफल बनाया।
Also Read: गया जी में विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला आज से शुरू, 21 सितंबर तक रहेगा आयोजन
फिलहाल आतंकी को एनआईए अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। आतंकी हरियाणा के किस जिले या गांव का रहने वाला है, यह जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि खालिस्तान नेटवर्क से जुड़े आतंकियों के खिलाफ एनआईए देशभर में सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा रही हैं। गया से हुई यह गिरफ्तारी एजेंसी के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारी मिल सकती है।











