Deoghar News: मधुपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह भेड़वा गांव में बीती रात चोरों ने आतंक मचाते हुए एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। हथियार से लैस 8 से 10 की संख्या में आए अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से बंद घरों के ताले तोड़कर नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ किया।

जानकारी के अनुसार, रेलवे कर्मी दीपक दास के घर से ताला तोड़कर करीब 3 हजार रुपये नगद सहित कई घरेलू सामान की चोरी की गई। वहीं बीआईटी सिंदरी में कार्यरत नंद देवदास के बंद घर से चोरों ने 7 हजार रुपये नगद और अन्य सामान उड़ा लिया। गोविंद देवदास के घर से 8 भर का चांदी का पायल, एक जोड़ा, 3 भर की चांदी की सिकड़ी और 1 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए।
इसके अलावा शिक्षक बबलू दास के बंद घर से चोरों ने लगभग 25 हजार रुपये नगद सहित घर का सामान चुरा लिया और पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया। चोरों ने दिवंगत शिक्षक संजय दास के घर में भी चोरी का प्रयास किया, हालांकि सफल नहीं हो सके, लेकिन इस दौरान सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और मुख्य द्वार का ताला तोड़ने की कोशिश की।घटना की सूचना मिलने पर मधुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है।
Also Read: Godda News: पथरगामा स्वास्थ्य केंद्र का सिविल सर्जन ने किया औचक निरीक्षण





