Islamabad News: पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने देश के सैन्य ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को और अधिक शक्तिशाली बना दिया है। आसिम मुनीर को पाकिस्तान का पहला चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सिफारिश पर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी दे दी है।

राष्ट्रपति ने लगाई मुहर, एक साथ संभालेंगे दो पद
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम शहबाज शरीफ ने फील्ड मार्शल मुनीर को सेना प्रमुख (COAS) के साथ-साथ सीडीएफ (CDF) के रूप में नियुक्त करने का प्रस्ताव राष्ट्रपति भवन भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
-
आसिम मुनीर अब पाकिस्तान के रक्षा बलों के कमांडर (CDF) और आर्मी चीफ दोनों पदों की जिम्मेदारी एक साथ संभालेंगे।
-
इससे पहले 29 नवंबर को मुनीर का आर्मी चीफ के तौर पर 3 साल का मूल कार्यकाल खत्म हो रहा था, तभी से उनकी शक्तियों को बढ़ाने के कयास लगाए जा रहे थे।
27वें संशोधन से खत्म हुआ CJCSC का पद
इस नियुक्ति का रास्ता पिछले महीने संसद द्वारा पारित 27वें संविधान संशोधन से साफ हुआ था।
-
इस संशोधन के तहत पुराने पद ‘चेयरमैन ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी’ (CJCSC) को समाप्त कर दिया गया है।
-
मिलिट्री कमांड को सेंट्रलाइज (केंद्रीकृत) करने के उद्देश्य से CDF का नया पद सृजित किया गया है।
अयूब खान के बाद दूसरे फील्ड मार्शल
आसिम मुनीर पाकिस्तान के इतिहास में दूसरे ऐसे सैन्य अधिकारी हैं, जिन्हें फील्ड मार्शल का टाइटल मिला है। उनसे पहले यह रैंक केवल जनरल अयूब खान के पास थी, जिन्होंने 1965 के युद्ध के दौरान पाकिस्तान का नेतृत्व किया था। मुनीर को इसी साल इस रैंक पर प्रमोट किया गया था।
एयर चीफ को भी मिला सेवा विस्तार
इस बड़े फैसले के साथ ही राष्ट्रपति ने एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्दू की सेवाओं में भी विस्तार दिया है। उनके कार्यकाल को दो साल के लिए बढ़ाया गया है, जो 19 मार्च 2026 से प्रभावी होगा।
गौरतलब है कि मुनीर की नियुक्ति में हुई देरी पर भारत के रक्षा विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे, लेकिन अब आधिकारिक अधिसूचना के साथ तस्वीर साफ हो गई है।





