Dhanbad News: धनबाद के सदर अस्पताल में एक महिला का मायोमेक्टॉमी के बाद गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। अगर महिला यही ऑपरेशन किसी निजी अस्पताल में कराती तो उसे 60 से 70 हजार रुपये खर्च करने पड़ते।
इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि झरिया निवासी मोहम्मद शेख की पत्नी 47 वर्षीय संजीदा खातून लगभग दो वर्षों से पेट दर्द और मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से पीड़ित थी। गरीबी के कारण वह अपना इलाज कराने में असमर्थ थी।
उन्होंने सहिया से सदर अस्पताल के सुदृढ़ीकरण और यहाँ उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह आज अपने पति के साथ अस्पताल पहुँचीं और स्त्री रोग विशेषज्ञ सह उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार से मिलीं। उन्होंने महिला की जाँच की और उसे सर्जरी कराने की सलाह दी। महिला के मान जाने के बाद, उसका ऑपरेशन किया गया। उसके गर्भाशय में एक बड़ी गांठ थी जिसे पहले निकाला गया। उसके बाद, गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन किया गया।
डॉ संजीव ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर और सामान्य है। यदि इस ऑपरेशन को महिला किसी भी प्राइवेट अस्पताल में कराती तो कम से कम उनके 60 से 70 हज़ार रुपये खर्च होते। महिला के पास आयुषमान कार्ड था। जिसका उन्होंने इस्तेमाल कर सदर अस्पताल में अपना इलाज कराया।
ऑपरेशन टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार, एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. आनंद, ओटी सहायक मधुसूदन मरांडी और ओम प्रकाश शामिल थे।