Jharkhand News: राजधानी रांची के जेल चौक स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर उनकी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद निर्मल महतो झारखंडी अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन को झारखंड राज्य के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से ही झारखंड अलग राज्य का सपना साकार हो सका।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और झारखंड के सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीद निर्मल महतो के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।





