Jharkhand News: जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में उत्साह और तैयारियां चरम पर हैं। 29 दिसंबर को करनडीह स्थित दिसुम जाहेर स्थान में राष्ट्रपति का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति का आगमन सुबह 10:10 बजे सोनारी हवाई अड्डे पर होगा, जिसके बाद वे निर्धारित मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर शहरभर में उनके भव्य होर्डिंग लगाए गए हैं। वहीं सोनारी एयरपोर्ट से करनडीह तक के पूरे आवागमन मार्ग को पूरी तरह चकाचक कर दिया गया है। सड़कों की मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ मार्ग के दोनों ओर मौजूद दीवारों को आदिवासी संस्कृति से जुड़ी आकर्षक पेंटिंग्स से सजाया गया है, जो झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती हैं।
Also Read: अंगीठी की आग बनी मौत का कारण, तीन मासूम समेत चार लोगों मौत
इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भी मौजूदगी रहेगी। जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह पहला जमशेदपुर दौरा है, जिसे लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।





