Patna News: प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी पटना में इस वर्ष 26 अगस्त को 12वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर पहली बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी समारोह में शामिल होंगे।

कॉलेज के निदेशक प्रोफेसर टी.एन. सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के 17 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।
इस बार समारोह में कुल 1320 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिसमें बीटेक, एमटेक, पीएचडी सहित अन्य कोर्स के छात्र शामिल होंगे। बीटेक के छात्रों की संख्या इस बार सबसे अधिक है, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।
Also Read: IIT Patna में 26 अगस्त को 12वां दीक्षांत समारोह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने के लिए 4 स्वर्ण पदक और 27 रजत पदक भी दिए जाएंगे। दीक्षांत समारोह को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सफल छात्रों की एक विशेष टीम गठित की गई है।
समारोह में पहनावे को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। लड़कों को सफेद कुर्ता-पायजामा, लड़कियों को सफेद लंबा कुर्ता या सफेद साड़ी पहनने को कहा गया है। डिग्री के अनुसार स्टॉल का रंग तय किया गया है – बीटेक छात्रों के लिए हरा और एमटेक छात्रों के लिए नीला।
प्रेस वार्ता में डीन ए. के. ठाकुर, डॉ. सुब्रत, डॉ. सुशांत कुमार, और प्लेसमेंट ऑफिसर कृपा शंकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
आईआईटी पटना के लिए यह दीक्षांत समारोह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बनकर उभरेगा।





