Pakur News: पाकुड़ बाजार समिति प्रांगण में जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक संथाल परगना और जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी कृषि पद्धतियों से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना रहा।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान के संवाहक हैं। उन्होंने बताया कि मेले में आधुनिक कृषि उपकरण, सोलर आधारित चलायमान यंत्र, तकनीकी नवाचार और कृषि समाधान किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन, पोल्ट्री, पुष्प उत्पादन, मसाला खेती और केला बागवानी जैसे वैकल्पिक आय स्रोतों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी कई गुना बढ़ा सकते हैं।
Also Read: नीमडीह में हाथियों का कहर: जंगल में काम कर रहे युवक पर हमला, गंभीर हालत में एमजीएम रेफर
उन्होंने धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से किसानों को उचित मूल्य मिलने और 4G POS मशीनों से पारदर्शी भुगतान व्यवस्था की जानकारी दी। संयुक्त कृषि निदेशक ने उन्नत खेती के लिए मिट्टी, जल और बीज को आधार बताते हुए सॉयल हेल्थ कार्ड और डोलोमाइट वितरण की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान किसानों को सोलर पंप, सॉयल हेल्थ कार्ड और मिनी ट्रैक्टर का वितरण भी किया गया।





