Ara-Sasaram passenger train collided with a rotavator: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। आरा से सासाराम जा रही पैसेंजर ट्रेन उदवंतनगर के पास एक रोटावेटर ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना 5/22 किलोमीटर पोस्ट के पास हुई। हालांकि गनीमत रही कि ट्रेन पटरी से नहीं उतरी और इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक पैसेंजर ट्रेन सुबह 7 बजकर 44 मिनट पर आरा स्टेशन से रवाना हुई थी। करीब 10 मिनट बाद गड़हनी स्टेशन मास्टर एसके सिंह को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ट्रेन एक कृषि यंत्र से टकरा गई है। इसके बाद रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ट्रेन का इंजन रोटावेटर से टकराया था, जो ट्रैक्टर से जुड़ा हुआ था।
Also Read: देवघर पहुंचीं बीजेपी सांसद कंगना रनौत, बाबा बैद्यनाथ के किए दर्शन-पूजन
आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण ट्रैक्टर चालक को रेलवे ट्रैक नजर नहीं आया, जिसके चलते यह घटना हुई | टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर से गिर गया, लेकिन वह भी सुरक्षित बच गया। घटना के बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया, बाद में स्थिति सामान्य होने पर परिचालन बहाल कर दिया गया।





