Dhanbad News: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लोअर मार्केट इलाके में रविवार सुबह थाने के पास अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग एक अस्थायी फल विक्रेता की दुकान में लगी और कुछ ही पलों में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि आस-पास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक दुकान से मोटी-मोटी लपटें और धुआं उठता देखा गया। यह देखकर आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत गोविंदपुर थाने और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान का सारा सामान पूरी तरह जल चुका था।
Also Read: लातेहार सदर अस्पताल की लापरवाही उजागर, फर्श पर तड़पता रहा मरीज…
इस घटना में दुकान में रखे फल, लकड़ी का ढांचा, तराजू और अन्य ज़रूरी सामान पूरी तरह से नष्ट हो गए। अनुमान है कि फल विक्रेता को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, इसलिए कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को काबू में किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित फल विक्रेता को उचित मुआवज़ा दिया जाए ताकि वह अपना रोज़गार फिर से शुरू कर सके।





