Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीबीगंज के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुजफ्फरपुर–पटना मुख्य मार्ग पर बने रेलवे ओवर ब्रिज पर एक चलती पिकअप वैन में अचानक आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और वैन कुछ ही पलों में धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई

सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मौके पर पहुंची टीम ने समय रहते आग को फैलने से रोक दिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया
Also Read: दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सक्रिय, एसपी ने पंडालों का किया निरीक्षण
पिकअप वैन के चालक ने बताया कि वे मुजफ्फरपुर से माल लोड कर पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वैन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। चालक ने बताया कि आग से वैन में लदे कुछ सामानों को नुकसान पहुंचा है
अग्निशमन अधिकारी धीरेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि टीम को जैसे ही सूचना मिली तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी संपत्ति हानि नहीं हुई है जिससे राहत की बात है
स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में सहयोग किया जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई





