पोड़ाहाट वन प्रक्षेत्र के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर और गुड़गांव गांवों में बीती रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। देर रात अचानक गांव में घुसे हाथी ने बनसाई निवासी सिकंदर सुंडी और संजय खलखो के घर को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं बाघचट्टा गांव में जयवय जोजोवार के घर की दीवार को भी हाथी ने धकेलने की कोशिश की, हालांकि दीवार पूरी तरह नहीं गिरी।

हाथी ने सिकंदर सुंडी और संजय खलखो के खलिहान में रखे लगभग 50-50 किलो धान को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित संजय खलखो ने बताया कि हाथी दीवार को धकेलने लगा, जिससे परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में जाकर जान बचाने को मजबूर हुए। वहीं सिकंदर सुंडी ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद परिवार ने हाथी को भगाकर अपनी जान बचाई।
Also Read: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का निधन
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह वन विभाग के अधिकारी और वनरक्षी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। हाथी के भय से ग्रामीणों ने रातभर चौक-चौराहों पर आग जलाकर पहरा दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की नियमित निगरानी और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।





