धूमधाम से शादी होने के केवल दो महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद दोनों के बीच 1768 किलोमीटर की दूरी आ गई। और फिर हुई पति की मौत। पूर्वी चंपारण के रहने वाले सौरव मिश्रा ने 2 फरवारी को मुंबई में सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। सौरव के परिवार वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। परिवार का आरोप है कि पत्नी द्वारा दी जाने वाली मानसिक प्रताड़ना की वजह से सौरव की मौत हुई है।

दरअसल, मोतिहारी के सुगौली निवासी सौरव की शादी वर्ष 2021 में पटना के रूपसपुर की रहने वाली पूजा कुमारी से हुई थी। शादी के चार महीने बाद ही दोनों अलग हो गए थे। शादी के दूसरे महीने से ही पति-पत्नी के बीच झगड़े शुरू हो गए थे, जिसके बाद पत्नी पटना में ही रहने लगी और सौरव मुंबई में।
पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा था। मुंबई में नौकरी करने वाले सौरव मिश्रा को कोर्ट ने हर महीने पत्नी को 25 हजार रुपये गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था।
सौरव के परिवार वालों का आरोप है कि पटना में रहने वाली उसकी पत्नी बार-बार फोन कर उसे परेशान किया करती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। और दोनों पक्षों से इस बारे में जानकारी जुटा रही है।





