बिहार के बक्सर में नकली पुलिस संग लूट करने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही शादी के नाम पर झांसा देकर दूल्हे पक्ष से रुपए और गहने लूटने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नकली पुलिस के सहारे वारदात को अंजाम देने वाली लुटेरी दुल्हन समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 38,500 रुपए नगद, कुछ गहने और एक ऑटो और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मामला तब सामने आया जब उत्तर प्रदेश के कानपुर की रमा देवी ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कोरान सराय थाना क्षेत्र की कलावती देवी और उनके पति रमेश गौड़ ने उनके देवर की शादी कराने का झांसा देकर 7 अप्रैल को फरीदाबाद से बक्सर बुलाया था। शादी के नाम पर पहले 50 हजार रुपए और गहनों की मांग की गई उसके बाद में 40 हजार रुपए और कुछ जेवर पर सौदा तय हुआ।
8 अप्रैल को विनय और कथित दुल्हन नीतु की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद रस्म अदायगी के लिए सभी महादेवा गंगा घाट पहुंचे। यहीं पर दुल्हन को गहने पहनाए गए लेकिन विदाई के वक्त बाइक से पहुंचे दो युवक खुद को पुलिस बताकर सभी को थाना ले जाने की धमकी देने लगे। इसी दौरान दुल्हन और उसके साथी नगद और गहने लेकर फरार हो गए।
लड़के वालों ने 112 नंबर पर इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नीतु देवी, मीना देवी, शिव बचन चौहान, सुनैना देवी, हैदर खां, हाकीम चौहान, कलावती देवी और जगजीवन चौहान शामिल हैं। गिरफ्तारी टीम में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, एसआई चंदन कुमार समेत अन्य पुलिस बल शामिल रहे। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
Also Read- दुबई ने 31 मई तक विदेशी एयरलाइंस पर एक उड़ान की लिमिट लगाई





