Chaibasa Fraud: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा में एक विधवा महिला से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बच्चों को उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक करने के बहाने महिला के घर आने-जाने वाले आरोपी ने कथित तौर पर जमीन और गाड़ी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामले में सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हाफिज रमीज असलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आरोपी की पहचान बड़ी बाजार स्थित हिंद चौक निवासी हाफिज रमीज असलम के रूप में हुई है। इस मामले में बड़ी बाजार निवासी अमीना भानु जो झींकपानी प्रखंड कार्यालय में कार्यरत हैं, ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। उनकी शिकायत के आधार पर 5 मई 2026 को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
Chaibasa Fraud: उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के बहाने बढ़ाई नजदीकी, फिर शुरू की ठगी
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी हाफिज रमीज असलम पेशे से मौलवी है। वह पीड़िता के घर बच्चों को उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक करने के सिलसिले में आया-जाया करता था। इसी दौरान उसने महिला का विश्वास हासिल कर लिया। आरोप है कि इस नजदीकी का फायदा उठाकर वह अलग-अलग जरूरतों और बहानों का हवाला देकर धीरे-धीरे महिला से रुपये लेने लगा।
महिला को भरोसे में लेकर आरोपी ने जमीन दिलाने और गाड़ी खरीदवाने का आश्वासन दिया। पीड़िता को उम्मीद थी कि उसके पैसे के बदले उसे जमीन और गाड़ी मिल जाएगी, लेकिन कथित तौर पर आरोपी अपने वादों को पूरा करने के बजाय लगातार पैसे लेता रहा।
जमीन और गाड़ी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप
शिकायत में अमीना भानु ने बताया कि 10 फरवरी 2023 को आरोपी ने उनसे 5 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सोने के एक जोड़ी झुमके लिए थे। इसके बदले उसने जमीन उपलब्ध कराने का वादा किया था।
इसके बाद पीड़िता ने बैंक से कर्ज लिया तो आरोपी ने उन्हें गाड़ी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि गाड़ी खरीदने के नाम पर उसने महिला से 9 लाख 50 हजार रुपये और ले लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने बैंक से लिए गए कर्ज की मासिक किस्त (EMI) और ब्याज चुकाने की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही थी।
हालांकि, शिकायत के मुताबिक आरोपी ने बैंक का ब्याज और किस्त जमा नहीं की। इसके कारण पीड़िता के वेतन से बैंक की राशि की कटौती होने लगी। जब महिला ने अपने रुपये वापस मांगे और जमीन या गाड़ी देने की बात कही, तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा।
लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद जब महिला को न तो जमीन मिली और न ही गाड़ी, तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर लोगों को आगाह किया है कि किसी भी व्यक्ति पर भरोसा करके बड़ी रकम देने से पहले जमीन, वाहन और आर्थिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच परख कर लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें- महापर्व छठ को लेकर डीसी मनीष कुमार ने बलियाडीह घाट का किया निरीक्षण








