झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपनी शादी की 20वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस खास मौके पर वे अपनी पत्नी कल्पना मुर्मू के साथ रामगढ़ जिले स्थित रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिका के मंदिर पहुंचे और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा “आज शादी की सालगिरह के पावन दिन परिवार संग रजरप्पा की पावन स्थली में स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।”

शादी की सालगिरह के इस अवसर पर प्रदेश और देश के कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से उन्हें बधाई, शुभकामनाएं और आशीर्वाद संदेश भेजे।
गौरतलब है कि 7 फरवरी 2006 को हेमंत सोरेन और कल्पना मुर्मू की शादी संथाली रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई थी। हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना मुर्मू ओडिशा के क्योंझर की रहने वाली हैं।
हेमंत सोरेन की बारात रामगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास नेमरा से ओडिशा के क्योंझर के लिए रवाना हुई थी। उनकी शादी के समय उनके पिता, दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन, केंद्र सरकार में कोयला मंत्री के पद पर कार्यरत थे।





