लंबी मतगणना प्रक्रिया के बाद धनबाद के मेयर पद पर संजीव सिंह विजयी घोषित किए गए। आखिरकार दसवें राउंड की गिनती के बाद धनबाद के मेयर का ताज संजीव सिंह के सिर सजा। शनिवार देर रात इसका ऐलान किया गया। इसके बाद स्वतंत्र प्रत्याशी संजीव सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

संजीव सिंह ने 31,902 मतों के अंतर से चुनाव में जीत दर्ज की है। वोटों की गिनती दसवें राउंड में संपन्न हुई। संजीव सिंह को 1,14,362 वोट मिले। दूसरे स्थान पर जेएमएम समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल रहे। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को 82,460 वोट मिले। वहीं आखिरी राउंड की गिनती के बाद 31,727 वोट रद्द होने की सूचना मिली।
हम आपको बता दें कि संजीव सिंह झरिया के विधायक रह चुके हैं। फिलहाल उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया की विधायक हैं। लेकिन नॉमिनेशन से लेकर चुनाव प्रचार तक पूरी चुनाव प्रक्रिया में रागिनी सिंह ने खुद को अलग रखा। वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने संजीव कुमार को अपना समर्थन दिया था। संजीव कुमार 57,895 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे। वहीं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार शमशेर आलम 59,079 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
नतीजों का ऐलान होने के बाद नव-निर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय जनता को दिया। उन्होंने कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि धनबाद की जनता की जीत है। संजीव सिंह शुरुआती राउंड से आखिरी राउंड तक सबसे आगे रहे और आखिरकार विजेता धोषित किए गए।
इसे भी पढ़ें- ईरान ने हमले का दिया करारा जवाब, एक साथ 7 देशों पर किया हमला, अमेरिकी सैन्य बेस को बनाया निशाना





