सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हुंडरू पाथरडीह गांव में गुरुवार सुबह हाथियों के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कोकिल सिंह (35) चातरमा जंगल में काम के दौरान अचानक 16 हाथियों के झुंड के सामने आ गए। हाथियों को देख घबराए कोकिल सिंह जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन इसी दौरान एक हाथी ने उन्हें सूंड में पकड़कर खेत में पटक दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल चांडिल वन क्षेत्र को सूचना दी। वनपाल राणा महतो मौके पर पहुंचे और घायल को रेस्क्यू कर नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, कोकिल सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
Also Read: जमशेदपुर में सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन, 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
इधर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी से हाथियों का पलायन जारी है। जंगलों में अवैध कटाई और आग लगने से भोजन की कमी के कारण हाथी रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग की भूमिका को लेकर नाराजगी भी बढ़ रही है।





