Jamtara News: जामताड़ा के करमाटांड प्रखंड के तेलियाडीह गाँव के बीएसएफ जवान राणा प्रताप सिंह की दिवाली की रात छत से गिरकर मौत हो गई। वह छुट्टी पर घर आए थे और उसी दिन ड्यूटी पर लौटने वाले थे। दुर्घटना के बाद उन्हें धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

राणा प्रताप सिंह मिज़ोरम के आइज़ोल सेक्टर में बीएसएफ की 34वीं बटालियन में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनका पार्थिव शरीर गाँव पहुँचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बीएसएफ की एक टीम ने उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। जवानों ने सलामी में तीन राउंड फायरिंग की और उनके परिवार को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया।
शहीद को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। जनप्रतिनिधियों ने परिवार से मुलाकात की, संवेदना व्यक्त की और उन्हें सहायता का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि तेलियाडीह चौक का नाम बदलकर शहीद राणा प्रताप सिंह चौक रखा जाए और वहाँ उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।
Also Read: मुंगेर के पोलो मैदान में दीपोत्सव, 21 हजार दीयों से सजी युवाओं की परंपरा और भावना की झलक
महजोद नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ उनके छह वर्षीय पुत्र अयांश ने उन्हें मुखाग्नि दी। गाँव शोक में डूबा है, लेकिन इस वीर सपूत की देशभक्ति और बलिदान पर सभी को गर्व है।





