Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

गढ़वा: एक लाख की धोखाधड़ी में ढाई माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, मेराल पुलिस की जांच पर उठे सवाल

On: August 20, 2026 6:23 PM
Follow Us:
एक लाख की धोखाधड़ी में ढाई माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं, मेराल पुलिस की जांच पर उठे सवाल
---Advertisement---

गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के दलेली स्थित रिशु डिजिटल सेवा केंद्र में तीन जून को हुई एक लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना के करीब ढाई माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित सुमंत यादव ने गढ़वा एसपी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजकर मामले की जांच में लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की समीक्षा कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, तीन जून की सुबह दो लोग बाइक से रिशु डिजिटल सेवा केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि इनमें से एक व्यक्ति कथित तौर पर धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये लेकर मझिआंव की ओर फरार हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति बाइक लेकर मौके पर इंतजार करता रहा। घटना के संबंध में मेराल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसका एफआईआर नंबर 0122 बताया गया है।

सुमंत यादव का कहना है कि 12 जून को मामले के अनुसंधानकर्ता ने एक आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के पुणे निवासी व्यक्ति के रूप में होने की जानकारी दी थी। साथ ही 19 जून को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुणे जाने की बात कही गई थी। हालांकि, पीड़ित के मुताबिक निर्धारित समय बीतने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया कि 25 जून को जब उसने थाना प्रभारी से मामले की प्रगति के बारे में जानकारी ली तो मुहर्रम के कारण कार्रवाई में देरी होने की बात कही गई और बाद में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद तीन जुलाई को दोबारा संपर्क करने पर भी उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। लगातार देरी के कारण पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एसपी से हस्तक्षेप की मांग की है।

वहीं, मेराल थाना के एसआई दिनेश मुंडा ने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि दो आरोपियों में से एक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे आरोपी का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी की पहचान होने की जानकारी के बावजूद लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर अब पुलिस जांच की गति पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई जारी है और दूसरे आरोपी के सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अब देखना होगा कि एसपी के पास पहुंची शिकायत के बाद मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कितनी तेजी से कदम उठाती है।

इसे भी पढ़ें- गुमला में नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment