Dumka News: सिंहनी आसनबनी गांव में भूंईया घटवाल समाज सुधार समिति द्वारा पारंपरिक करमा पूजा अखरा महोत्सव का आयोजन भव्य रूप में किया गया। इस सांस्कृतिक पर्व में हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करमा पर्व को सामूहिक हर्षोल्लास से मनाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक देवेंद्र कुंवर शामिल हुए। वे भी मांदर और नगाड़े की थाप पर गांववासियों के साथ झूमते और पारंपरिक गीतों में सम्मिलित होते नजर आए। विधायक ने कहा कि “करमा पर्व घटवाल समाज की एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह पर्व हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है और सामूहिक चेतना को मजबूत करता है।”
समिति के अध्यक्ष लालमोहन राय ने जानकारी दी कि करमा पर्व भूंईया और घटवाल समाज का मुख्य पर्व है, जो आदिकाल से समाज को जोड़ने, प्रेम, भाईचारे और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता आ रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी जाति मूल आदिवासी होते हुए भी आज सरकारी नीतियों के कारण अपने अधिकारों से वंचित है, लेकिन हमारी सांस्कृतिक धरोहर आज भी जीवित है और इसी के जरिए हम अपनी पहचान को बचाए हुए हैं।”
Also Read: सिंहनी आसनबनी गांव में भव्य करमा पूजा अखरा महोत्सव सम्पन्न
कार्यक्रम में उपस्थित विश्वनाथ राय ने कहा कि करमा पर्व जल, जंगल और जमीन से जुड़ा पर्व है, जो पेड़-पौधों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि “हमारा ग्रामीण समाज तभी स्वस्थ और समृद्ध रह सकता है जब हम अपनी पारंपरिक मान्यताओं और प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर चलें।”
इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य, पारंपरिक गीत और पूजा अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिनमें गांव के युवा, महिलाएं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।





