झारखंड की राजधानी रांची में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक दोपहर 2 बजे से प्रोजेक्ट भवन में होगी, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों पर फैसले की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, इस कैबिनेट बैठक में शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। हालांकि, बैठक का एजेंडा आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा से जुड़े प्रस्ताव पर टिकी हुई हैं।
14वीं JPSC परीक्षा में उम्र सीमा छूट पर फैसला संभव
कैबिनेट बैठक का सबसे अहम और चर्चित मुद्दा 14वीं JPSC परीक्षा में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने का हो सकता है। पिछले कई वर्षों से JPSC परीक्षाओं में देरी और प्रक्रियागत कारणों से हजारों अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर चुके हैं। ऐसे में अभ्यार्थियों की ओर से लंबे समय से सरकार से विशेष छूट देने की मांग की जा रही है।
युवा अभ्यर्थियों का कहना है कि समय पर परीक्षाएं नहीं होने के कारण उनका भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार को इसमें राहत देनी चाहिए। इस मांग को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और सोशल मीडिया अभियान भी चलाए जा चुके हैं।
अभ्यर्थियों को मिल सकती है बड़ी राहत
यदि कैबिनेट इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो 14वीं JPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को बड़ी राहत मिल सकती है। उम्र सीमा में एक से दो वर्ष तक की छूट दिए जाने पर विचार किया जा सकता है। इससे वे अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, जो तकनीकी कारणों से पात्रता से बाहर हो चुके थे।
सरकार के इस कदम को रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं के बीच भरोसा कायम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा
कैबिनेट बैठक में JPSC के अलावा विकास योजनाओं, नियुक्ति प्रक्रियाओं, वित्तीय स्वीकृतियों और प्रशासनिक फैसलों से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है। खासकर राज्य में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और नई योजनाओं को हरी झंडी दिए जाने की संभावना है।
कैबिनेट फैसलों पर रहेगी प्रदेशभर की नजर
आज होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर प्रदेशभर में युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे अभ्यर्थियों की नजर टिकी हुई है। यदि उम्र सीमा छूट पर सकारात्मक फैसला आता है, तो यह झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर होगी।





