ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 का आखिरी मुकाबला आज शाम भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले को एक तरह से क्वार्टर फाइनल माना जा रहा है। जो टीम यह मैच जीतेगी वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

कल खेले गए मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हरा दिया, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही। इस तरह अब सेमीफाइनल की चार में से 3 टीमें तय हो चुकी हैं। साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। चौथी टीम का फैसला आज के मैच के नतीजे से होगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज के अहम मुकाबले में जो जीतेगा, वह फाइनल फोर में जगह बनाएगा।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज का मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। अगर इस पिच की रिपोर्ट पर नजर डालें तो भारत ने यहां कुल 74 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें से 34 जीते हैं और 19 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं 20 मैच ड्रॉ रहे हैं और एक मैच का नतीजा नहीं निकला।
अगर T20 इंटरनेशनल मैचों की बात करें तो यहां खेले गए 8 में से 7 मैच भारतीय टीम ने जीते हैं। इस मैदान पर भारत टी20 इंटरनेशनल में आखिरी बार 2011 में इंग्लैंड से हारा था। उसके बाद खेले गए सातों मैच भारत ने जीते। आखिरी बार जनवरी 2025 में भारत ने इंग्लैंड को ईडन गार्डन्स में हराया था।
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच इंग्लैंड और आज के मैच की विजेता टीम (भारत या वेस्टइंडीज) के बीच होगा। दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसे भी पढ़ें- श्रीलंका से मैच जीतकर भी ICC T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड पहुंचा सेमीफाल में





