झारखंड के हजारीबाग जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC से जुड़े 8 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सुनिल मुंडा, विरेन्द्र मुंडा, सुरेन्द्र मुंडा, लालमोहन मुंडा, अनिल मुंडा, रविन्द्र गंझू उर्फ रिंकु, सत्येन्द्र गंझू उर्फ सन्तु और संजय मुंडा के रूप में हुई है। इनमें संजय मुंडा रांची के मैक्लुस्कीगंज का निवासी है, जबकि अन्य सभी लातेहार जिले के बालूमाथ क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 2 इंसास राइफल, 1 देशी पिस्टल और विभिन्न बोर की 170 से अधिक गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक बोलेरो वाहन और 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उरीमारी क्षेत्र के कोलियरी इलाके में कुछ उग्रवादी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने आसवा और गुडकुवा गांव के पास घेराबंदी कर अभियान शुरू किया।
फिल्मी अंदाज में पीछा
इसी दौरान उरेज की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन घुमाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, जिसके दौरान तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल और पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेरकर सभी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दो आरोपियों के हाथ में इंसास राइफल देखी गई, जिसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
बड़ी वारदात की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी TSPC के जोनल कमांडर भीखन गंझू और सब-जोनल कमांडर दिनेश उर्फ रवि राम के संपर्क में थे। ये लोग विभिन्न जिलों में संगठन को सक्रिय करने और लेवी वसूली के लिए धमकी देने का काम कर रहे थे। हाल ही में पतरातु के सरैया में हुई फायरिंग की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानुप्रताप सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, लोहसिंहना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय सहित तकनीकी और नक्सल शाखा के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें- स्वर्णरेखा नदी में मिला 500 पाउंड का जिंदा बम, निष्क्रिय करने की प्रक्रिया तेज





