झारखंड के गोड्डा जिले में एक मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही दो लोगों को मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

11 फरवरी 2026 को गोड्डा निवासी राहुल कुमार झा की अपाचे मोटरसाइकिल परासी चौक से चोरी हो गई थी। इस संबंध में ठाकुरगंगटी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस दल ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रूजी गांव निवासी मोहम्मद सफीक मंसूर उर्फ कैला (30 वर्ष) से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगी, बस्ता निवासी सोहित कुमार यादव के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने ठाकुरगंगटी, मेहरमा और बोआरीजोर के हटिया बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी कर कम कीमत पर बेचने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न मामलों में चोरी हुई चार मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। बरामद मोटरसाइकाइलों में एक टीवीएस अपाचे, एक बिना नंबर प्लेट की होंडा एसपी, एक काले रंग की हीरो सुपर स्प्लेंडर और एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
Also Read- हजारीबाग में हाथियों का तांडव, 6 लोगों को कुचलकर मार डाला





