Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में हालिया हिंसा की घटना के बाद बंद पड़ी ओपीडी सेवाएं शनिवार से पुनः शुरू होंगी। दो दिनों की हड़ताल के बाद चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों ने उपायुक्त आदित्य रंजन से बातचीत के बाद काम पर लौटने का निर्णय लिया है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल परिसर में अब 360 डिग्री कवर करने वाले 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, साथ ही हूटर, सशस्त्र बल और होमगार्ड की तैनाती भी की जाएगी। घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद छह लापरवाह होमगार्ड जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी.के. गांदोरिया ने जानकारी दी कि प्रशासन ने मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा।
Also Read: Patna News: पटना के सदाकत आश्रम में हंगामा, राहुल गांधी ने ट्वीट कर पलटवार किया
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके विरोध में जूनियर डॉक्टरों और छात्रों ने काम बंद कर दिया था, जिससे मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
अब प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन और ठोस कदमों के बाद अस्पताल की ओपीडी सेवाएं शनिवार से सामान्य रूप से संचालित होंगी।





